सौरभ चंद्राकर की आज रायपुर CBI कोर्ट में पेशी: कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है जांच एजेंसी, ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की विशेष CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। करीब 6 हजार करोड़ रुपए के सट्टा घोटाले में CBI उससे पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए जांच एजेंसी कोर्ट से कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है।

सौरभ को मंगलवार को दिल्ली से फ्लाइट E6 2307 के जरिए रायपुर लाया गया था। CBI की टीम उसे ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लेकर आई है। रायपुर एयरपोर्ट पर उसे गेट नंबर-2 से बाहर निकालने की तैयारी थी, लेकिन मीडिया की मौजूदगी के कारण अधिकारियों ने गेट नंबर-1 का इस्तेमाल किया। इसके बाद उसे गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए एयरपोर्ट की लाइट भी बंद हो गई थी।

दिल्ली कोर्ट ने दी थी दो दिन की ट्रांजिट रिमांड

भारत लाए जाने के बाद सोमवार को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने उसे रायपुर ले जाने के लिए CBI को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी थी। इसके बाद टीम उसे लेकर रायपुर पहुंची।

वकील ने प्रत्यर्पण की शर्तों पर उठाए सवाल

दिल्ली कोर्ट में सुनवाई के दौरान सौरभ के वकील ने ओमान की अदालत के आदेश का हवाला देते हुए प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि भारत की ओर से भेजे गए अनुरोध में ओमान ने ED के मामले में प्रत्यर्पण की मंजूरी दी थी, जबकि CBI के मामले को मंजूरी नहीं मिली थी। ऐसे में प्रत्यर्पण की शर्तों के मुताबिक सौरभ पर उन्हीं मामलों में कार्रवाई हो सकती है, जिनके आधार पर उसे भारत लाया गया।

CBI बोली- रायपुर कोर्ट करेगी फैसला

CBI ने दलील दी कि आरोपी के खिलाफ रायपुर की विशेष अदालत पहले ही ओपन एंडेड गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है। एजेंसी के मुताबिक ED और CBI के मामले आपस में जुड़े हैं। प्रत्यर्पण की शर्तों और आगे की कार्रवाई पर फैसला रायपुर की विशेष अदालत करेगी। आज की पेशी में इसी मुद्दे के साथ रिमांड पर सुनवाई अहम रहेगी।

↑
Exit mobile version