रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 17 अप्रैल को फ्लाइट से रायपुर लाया गया। इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके कब्जे से BMW कार समेत करीब 60 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी सोशल मीडिया पर सक्रिय इन्फ्लुएंसर था और अपने फॉलोअर्स का इस्तेमाल कर हाई प्रोफाइल सट्टेबाजों से संपर्क बनाता था। उसने महादेव ऐप की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ नाम से ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म तैयार किया था, जिसे उसके रिश्तेदार और करीबी अलग-अलग शहरों से ऑपरेट कर रहे थे।
आरोप है कि खेमानी सट्टा खेलने वालों पर दबाव बनाकर पैसे वसूलता था। रायपुर पुलिस की सख्ती के बाद उसने नेटवर्क को दूसरे राज्यों में शिफ्ट कर दिया था। मुंबई, पुणे, गोवा और रायपुर में फैले इस सिंडिकेट में हर सदस्य की अलग भूमिका तय थी। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विदेशी कनेक्शन हो सकते हैं। वह 2011 में दुबई, 2023 में थाईलैंड और 2025 में तीन बार दुबई गया था। पुलिस अब उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
मामले में 13 अप्रैल को गंज थाना में FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद से खेमानी फरार था। अब तक इस केस में कुल 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टे के ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे पैसों का ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टा के 11 मामलों में कार्रवाई कर 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के नेटवर्क पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
