अपनी कर्मठता और दृढ़ इच्छाशक्ति से लौहपुरुष बने सरदार पटेल, सीएम साय बोले सभी संभागीय मुख्यालयों में लगेगी सरदार पटेल की प्रतिमा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल अपनी कर्मठता, अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण “लौहपुरुष” बने। उन्होंने आज़ादी के बाद 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया।
मुख्यमंत्री साय सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे। यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सरदार पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रायपुर में किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक राजेश मूणत उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ में छत्तीसगढ़ का विशेष स्टॉल लगाया गया है। उन्होंने कहा, “‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एकता का प्रतीक नहीं, बल्कि फिटनेस और सामूहिक ऊर्जा का संदेश भी है।”
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन और किसानों के अधिकारों के लिए ब्रिटिश शासन के खिलाफ कठोर संघर्ष किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी संभागीय मुख्यालयों में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा 50-50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई रंगोली और चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित जनों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की शपथ भी दिलाई।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ के साथ ही चित्रकला, भाषण और काव्य पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और ‘बस्तर ओलंपिक प्रचार रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।





