जिला सहकारी बैंक में आग: बंदरों की उछल-कूद से शॉर्ट सर्किट, कंप्यूटर-दस्तावेज जले

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार सुबह जिला सहकारी बैंक की शाखा में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में हुई, जहां आग की चपेट में आकर कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते बैंक में रखी नकदी को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे अचानक आग भड़क उठी और तेजी से बैंक के अंदर फैल गई। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गुंडरदेही पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और बैंक प्रबंधन आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।





