साय ने जापान से ली बस्तर संभाग की बाढ़ की जानकारी राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में हो रही अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व सचिव एवं आपदा राहत आयुक्त रीना बाबासाहेब कंगाले और बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजस्व सचिव ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिले में बाढ़ का असर अधिक है। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा, दरभा और तोकापाल विकासखंडों में प्रशासन लगातार राहत कार्य चला रहा है। लोहंडीगुड़ा के मांदर गांव से 21 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया है। हेलीकॉप्टर और नाव की सहायता से ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। बीते 24 घंटे में 68 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने संभाग के सभी कलेक्टरों को निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर शीघ्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अमले, एसडीआरएफ और पुलिस बल द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री साय ने दोहराया कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावितों को हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए और आपदा प्रबंधन में पूरी मुस्तैदी बरती जाए।