साय ने महालक्ष्मी मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि कामना की

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम पंडरीपानी में गजमार पहाड़ी के पीछे स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर में पहुंचकर उन्होंने माता महालक्ष्मी की भव्य महाआरती में सहभागिता की और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धा और भक्ति भाव से माता महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि माता लक्ष्मी की कृपा से प्रदेश में खुशहाली, समृद्धि और सौहार्द का वातावरण बना रहे तथा छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करे। उन्होंने यह भी कामना की कि राज्य का प्रत्येक परिवार सुख-शांति और आर्थिक स्थिरता के साथ आगे बढ़े।
पूजा-अर्चना के पश्चात माँ महालक्ष्मी सेवा एवं कल्याण समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने समिति के सेवा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक संस्थान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, विजय अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भक्ति भाव से माता महालक्ष्मी की आराधना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के साथ पूजा-अर्चना कर स्वयं को धन्य महसूस किया। मुख्यमंत्री साय ने अंत में सभी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आस्था, सेवा और समर्पण से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।





