सीएम साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी, सकारात्मक पहल का सशक्त मंच बताया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी का श्रवण किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के कोने-कोने में हो रही सकारात्मक पहल, नवाचार और जनभागीदारी को सामने लाने वाला प्रभावशाली मंच है। यह कार्यक्रम केवल रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए नागरिकों को प्रेरित करने वाला सशक्त संवाद बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और नवाचार की ऊर्जा का संचार करते हैं, इसलिए हर माह लोग इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और वैश्विक स्तर पर हो रही सराहना का उल्लेख किया।
दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में ‘मेड इन इंडिया’ एआई मॉडल का शुभारंभ देश की तकनीकी प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर तकनीकी विकास की दिशा में अग्रसर है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती और देश के विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बनने की जानकारी दी। इसमें छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के किसानों, वैज्ञानिकों और सरकार की नीतियों का बड़ा योगदान है।
मुख्यमंत्री ने अंगदान, डिजिटल सुरक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ का प्रत्येक एपिसोड आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करता है और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।



