सहकारिता को जनभागीदारी का महाअभियान बना रही साय सरकार: केदार कश्यप, सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ

रायपुर। सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को रायपुर स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर विकास करने का सशक्त माध्यम है। साय सरकार सहकारिता आंदोलन को जनभागीदारी का महाअभियान बनाकर गांव-गांव तक आर्थिक समृद्धि पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता आंदोलन के जनक पंडित वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय के गठन और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान मिली है। पिछले पांच वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्राथमिक कृषि साख समितियों को मजबूत करने, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने तथा सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य सहकारिता के माध्यम से हर ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना है।

केदार कश्यप ने कहा कि “साथ मिलकर विकास” ही सहकारिता का मूल मंत्र है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सहकारिता की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को सहकारिता से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version