बिलासपुर। मुंगेली में भारत रत्न और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेडुलकर के परिवार का गोपनीय दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिवार चुपचाप बिलासपुर पहुंचा।
इस पूरे कार्यक्रम को पहले से सार्वजनिक नहीं किया गया था, ताकि वे बिना भीड़-भाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर सकें। उनके साथ पत्नी अंजली तेंडुलकर, बेटी सारा तेंडुलकर और बहू शनाया चंडोकर तेंडुलकर मौजूद रहीं।
दोपहर में परिवार लोरमी क्षेत्र के अचानकमार के छपरवा-बम्हनी गांव पहुंचा। यहां उन्होंने पैदल घूमकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी जीवनशैली को करीब से समझने का प्रयास किया। गांव में बच्चों के साथ समय बिताना, उन्हें खिलौने देना और नवजात शिशुओं को गोद में लेकर स्नेह जताना इस दौरे की खास झलक रही।
परिवार ने अपने सामाजिक कार्यों के तहत चल रही गतिविधियों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने गनियारी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फुलवारी केंद्र का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। यहां चिकित्सकों और कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उनकी जरूरतों, समस्याओं और जीवनशैली को समझने पर विशेष ध्यान दिया गया। महिलाओं ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया, वहीं बच्चों के साथ परिवार के सहज व्यवहार ने सभी का मन जीत लिया।
बताया जा रहा है कि यह दौरा केवल औपचारिक नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जुड़ाव का प्रयास था। जानकारी के अनुसार, परिवार आज रायपुर से मुंबई के लिए रवाना हो सकता है।
