सीतापुर में 1 करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा: 500 CCTV फुटेज खंगालकर ओडिशा पहुंची पुलिस, 46 लाख के जेवर बरामद

सरगुजा। सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलर्स कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले में छापेमारी कर करीब 46 लाख रुपए के आभूषण बरामद किए हैं। हालांकि, मामले के मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर स्थित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुणदेव सोनी अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने आभूषणों से भरा बैग स्कूटी पर रखा और शटर खोलने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपए के सोने और चांदी के जेवर रखे थे। घटना के बाद सीतापुर थाने में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने साइबर सेल और सीतापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध बैग लेकर भागते हुए दिखाई दिए।

पुलिस ने सीतापुर से लेकर जशपुर, झारखंड और ओडिशा तक आरोपियों के संभावित मार्ग की पड़ताल की। तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस के सहयोग से आरोपियों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले के चांटी दास और नागेश्वर राव के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस की टीम ओडिशा पहुंची और करीब 10 दिनों तक लगातार अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध के घर की तलाशी ली गई, जहां से 300.92 ग्राम सोने के आभूषण और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपए बताई गई है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी किए गए बाकी आभूषण कहां हैं और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे।

↑
Exit mobile version