रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 48 घंटों में तापमान 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को और ज्यादा गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में 19 अप्रैल तक हीटवेव यानी लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। राजधानी रायपुर में भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के करीब रह सकता है।
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी हैं। अब प्रदेश के सभी स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें लू और तेज धूप से बचाया जा सके।
प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं। किसी बड़े मौसम सिस्टम के सक्रिय न होने के कारण आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। बीते दिन राजनांदगांव में सबसे अधिक 43.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय करें। फिलहाल प्रदेश में गर्मी से राहत के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।
