धान की फसल से संवर रहा भविष्य, किसान सोमेश्वर साहू बना रहे बेटे को इंजीनियर

रायपुर। धान की फसल से आज किसानों का भविष्य संवर रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की मजबूत व्यवस्था ने ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी से किसानों को आर्थिक संबल मिला है और वे अपने परिवार के सपनों को साकार कर पा रहे हैं। दुर्ग जिले के ग्राम फेकारी निवासी किसान सोमेश्वर साहू इसकी जीवंत मिसाल हैं।
किसान सोमेश्वर साहू अपनी 6 एकड़ कृषि भूमि पर खेती कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस वर्ष उन्होंने धान उपार्जन केंद्र में अपनी फसल बेची, जिससे उन्हें कुल 2 लाख 80 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई। इस राशि में से उन्होंने 1 लाख रुपये का पुराना कर्ज चुकाया, फिर भी उनके पास 1 लाख 80 हजार रुपये की बचत शेष रही। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में मजबूती आई है।
सोमेश्वर साहू ने बताया कि खेती से हुई इस आमदनी से अब वे अपने बेटे को बी.टेक (इंजीनियरिंग) की पढ़ाई करा पा रहे हैं। पहले उच्च शिक्षा के खर्च को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन धान का बेहतर मूल्य मिलने से यह चिंता दूर हो गई है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि उनका बेटा पढ़-लिखकर आत्मनिर्भर बने और परिवार का नाम रोशन करे।
किसान सोमेश्वर साहू ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। अब खेती केवल जीवनयापन का साधन नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य को उज्ज्वल बनाने का मजबूत आधार बन गई है।





