रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपराष्ट्रपति 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने को कहा गया।
एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा व्यवस्था रहेगी पुख्ता
मुख्य सचिव ने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा और बिजली व्यवस्था पर भी फोकस
उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान गृह विभाग को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया गया।
बैठक में दीक्षांत समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुरूप करने को कहा गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एम्स प्रबंधन को भी समारोह की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
