छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन की समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री ने दिए अहम निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय स्थित कार्यालय में छत्तीसगढ़ में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा की। बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अरुण देव गौतम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य फोकस प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति पर रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस और समर्पण की सराहना की और कहा कि अब अंतिम सफलता बहुत करीब है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नक्सल विरोधी अभियानों में आपसी समन्वय और सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह केवल अभियान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के भविष्य को सुरक्षित करने का मिशन है। बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे जिलों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास कार्यों को भी तेज करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सड़कों का निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को यह महसूस होना चाहिए कि सरकार उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए काम कर रही है। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुरक्षा बल, प्रशासन और जनता मिलकर छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त और विकसित प्रदेश बनाएंगे।