ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अब राजस्व सेवाएँ एक क्लिक दूर: भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न सुविधा का हुआ शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस को और मजबूत करते हुए नागरिक सुविधा के क्षेत्र में दो बड़ी पहल शुरू की हैं।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने निवास कार्यालय में भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट सेवा और ऑटो-डाइवर्ज़न (पुनर्निर्धारण) सुविधा का राज्यव्यापी शुभारंभ किया। इन पहलों का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को सरल, तेज़, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है।

भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट के जरिए अब नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल से राजस्व सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इस सेवा के माध्यम से जमीन संबंधी जानकारी, राजस्व न्यायालय की जानकारी, मोबाइल और आधार लिंकिंग, किसान किताब और नामांतरण आवेदन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नागरिक 7289056060 नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर इन सेवाओं तक तुरंत पहुंच बना सकते हैं। यह पहल शासन और नागरिकों के बीच सीधा डिजिटल सेतु स्थापित करेगी।

इसी के साथ ऑटो-डाइवर्ज़न सुविधा की शुरुआत की गई है, जिससे भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है।

नई व्यवस्था के तहत पोर्टल पर भूमि चयन से लेकर प्रीमियम और शुल्क की गणना स्वचालित होगी। भुगतान के लिए ई-चालान की सुविधा दी गई है और आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे।

आवेदन जमा होते ही वह सक्षम अधिकारी को भेजा जाएगा, जिसे 15 दिनों में निर्णय लेना अनिवार्य होगा। तय समय में निर्णय न होने पर डिम्ड डाइवर्ज़न प्रमाणपत्र स्वतः जारी होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तकनीक के माध्यम से शासन को सीधे नागरिकों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने इसे सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम बताया। राजस्व सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि इन पहलों से राजस्व प्रशासन अधिक कुशल और नागरिक-अनुकूल बनेगा।

Related Articles

Back to top button