राजस्व विभाग को मिली नई रफ्तार: CM विष्णुदेव साय ने 4 सरकारी गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी; जशपुर के रणजीता स्टेडियम में हुआ कार्यक्रम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर प्रवास के दौरान जिले के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत किया। रणजीता स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम साय ने राजस्व विभाग के लिए आवंटित 4 नए शासकीय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक वाहनों के बेड़े में शामिल होने से अब राजस्व संबंधी कार्यों और मैदानी निरीक्षणों में काफी सहूलियत होगी।
आम जनता को मिलेगी त्वरित सेवा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रशासन को आधुनिक संसाधनों से लैस करना हमारी प्राथमिकता है। नए वाहनों के आने से शासकीय कार्यों की गति बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब राजस्व विभाग की टीम दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेगी, जिससे जमीन और सीमांकन से जुड़े लंबित प्रकरणों का निराकरण तेजी से होगा।
आपदा प्रबंधन और सर्वे में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने इन वाहनों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि केवल दैनिक कार्यों में ही नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन, सरकारी सर्वेक्षण और आकस्मिक निरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कामों में भी इन गाड़ियों से मदद मिलेगी। इससे शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सकेगा।





