StateNewsदेश - विदेश

रेवंत रेड्डी का BJP पर हमला: बोले– भाजपा के लिए ओवैसी ही इकलौते भगवान, राम का नाम लेकर AIMIM के नाम पर मांगती है वोट

दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा भले ही भगवान राम का नाम लेती हो, लेकिन चुनावी राजनीति में उसके लिए इकलौते “भगवान” AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हैं।

रेवंत रेड्डी ने सोमवार को हैदराबाद में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा हर चुनाव में ओवैसी को मुद्दा बनाकर वोट मांगती है और डर की राजनीति करती है।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि अगर भाजपा के राजनीतिक इतिहास और बयानों का विश्लेषण किया जाए, तो साफ दिखता है कि वह बार-बार ओवैसी को खलनायक के रूप में पेश करती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, तो अगर ओवैसी इतने बड़े “विलेन” हैं, तो उन्हें नियंत्रित क्यों नहीं किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर चुनाव में ओवैसी को “अलादीन के चिराग” की तरह इस्तेमाल कर वोट बटोरने की कोशिश करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को भड़काकर और किसी नेता या दल को राक्षस के रूप में पेश कर राजनीति करना वैचारिक कमजोरी को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि AIMIM एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जो चुनाव लड़ती है और जहां उसे जनसमर्थन मिलता है, वहां जीतती है। रेवंत रेड्डी ने उदाहरण देते हुए कहा कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में AIMIM ने चुनाव लड़े हैं और पश्चिम बंगाल में पांच सीटें भी जीती हैं। ऐसे में उसे भूत-प्रेत या राक्षस बताकर वोट मांगना गलत है।

रेवंत रेड्डी ने अंत में तेलंगाना की जनता से अपील की कि वे यह तय करें कि सिर्फ धार्मिक नफरत फैलाकर राजनीति करने वाली भाजपा को वोट देना है या नहीं।

वहीं, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने पलटवार करते हुए कहा कि रेवंत रेड्डी के लिए असल में भाजपा ही भगवान बन चुकी है, क्योंकि वे हर बयान में भाजपा का नाम लेते हैं। उन्होंने कांग्रेस और AIMIM के बीच राजनीतिक नजदीकी का आरोप भी लगाया।

Related Articles

Back to top button