Chhattisgarh

बंदूक की नोक पर रिटायर्ड शिक्षक के घर डकैती

लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी में डकैतों ने पूर्व प्रधान पाठक के घर वारदात को अंजाम दिया और बड़ी रकम लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को धमकाया और एक किलो चांदी, 10 तोला सोने के आभूषण, और तीन लाख रुपए नगदी लूटकर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व प्रधान पाठक द्वारिका दास वैष्णव ने बताया कि रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी और बच्चे के साथ घर में थे, तभी तीन नकाबपोशों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलते ही उन्होंने कनपटी पर बंदूक सटाकर घर में रखे सामान और नगदी लूटने की धमकी दी। डकैती के दौरान नकाबपोशों ने दंपती के हाथ भी बांध दिए थे।

तीन आरोपी घर में थे, तीन कर रहे थे रेकी

जानकारी के अनुसार, तीन आरोपी घर के अंदर डकैती कर रहे थे, जबकि तीन अन्य बाहर निगरानी कर रहे थे। डकैती के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि बेटी की शादी के लिए जो गहने और नगदी उन्होंने घर में रखे थे, वे भी लूटकर ले गए। डकैती की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल मौके पर पहुंचे और मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button