कोलकाता। असम विधानसभा चुनाव के बीच श्रीभूमि जिले के करीमगंज (उत्तर) सीट के एक मतदान केंद्र पर आज दोबारा वोटिंग कराई जा रही है।
बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। यहां भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़प के बाद चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान का आदेश दिया था। इस सीट पर कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।
वहीं पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य में तीन बड़ी रैलियां करेंगे। वे दोपहर 12 बजे कटवा में जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद 1:45 बजे जंगीपुर और फिर 3:45 बजे दक्षिण दिनाजपुर में लोगों से संवाद करेंगे।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान मुर्शिदाबाद हिंसा के पीड़ित परिवार से भी मुलाकात करेंगे। पिछले साल वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध के दौरान हुई हिंसा में चंदन दास और उनके पिता की हत्या कर दी गई थी। भीड़ ने उनके घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था, जिससे इलाके में तनाव फैल गया था।
चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची को लेकर भी हलचल है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद वोटर लिस्ट फ्रीज कर दी गई है, यानी अब नए नाम नहीं जोड़े जाएंगे। हटाए गए लाखों नामों में से अब तक बहुत कम नाम ही बहाल किए गए हैं।
इसके अलावा राजनीतिक समीकरणों में भी बदलाव देखने को मिला है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया है।
वहीं भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना घोषणा पत्र जारी किया है। पांच राज्यों में जारी चुनावी माहौल के बीच असम और पश्चिम बंगाल की ये गतिविधियां सियासी हलचल को और तेज कर रही हैं।
