ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से बिजली बिल में राहत: जशपुर के परिवार को हर महीने हो रही बचत, सौर ऊर्जा अपनाने की अपील

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में आम लोगों के लिए आर्थिक राहत और स्वच्छ ऊर्जा का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है।

योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे परिवार अपनी बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी कर रहे हैं। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आ रही है और लोगों की मासिक बचत भी बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दे रही है। विद्युत विभाग द्वारा नागरिकों को योजना की प्रक्रिया, पात्रता, अनुदान और सौर ऊर्जा के लाभों की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ सकें।

योजना के तहत घरों में लगाए गए सोलर पैनल सूर्य के प्रकाश से बिजली का उत्पादन करते हैं। घरेलू जरूरत पूरी होने के बाद बची हुई बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इससे उपभोक्ताओं का बिजली खर्च कम होता है। साथ ही स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि योजना से उनके परिवार को बड़ा लाभ मिला है। पहले उनके घर का बिजली बिल अधिक आता था, लेकिन रूफटॉप सोलर पैनल लगने के बाद बिजली की नियमित खपत के बावजूद बिल में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि हर महीने होने वाली बचत से परिवार के बजट पर सकारात्मक असर पड़ा है।

संदीप गुप्ता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे बिजली खर्च घटाने के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का अवसर भी मिला है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने प्रदेशवासियों से भी योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की। उनका कहना है कि अधिक से अधिक परिवार यदि सौर ऊर्जा से जुड़ेंगे तो बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को भी नई मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button