वित्तीय वर्ष के अंत में छुट्टी के दिनों में भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय

रायपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति के करीब आते ही जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराने वालों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्णय लिया है कि मार्च के अंतिम दिनों में पड़ने वाले अवकाश के दौरान भी राज्य के सभी पंजीयन (रजिस्ट्री) कार्यालय खुले रहेंगे। इसका उद्देश्य नागरिकों को सुविधा देना और अंतिम समय में होने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करना है।
इन छुट्टियों में भी होगा काम
मार्च के अंतिम सप्ताह में सरकारी अवकाश होने के कारण पंजीयन कार्य प्रभावित होते थे, लेकिन इस बार शासन ने निम्नलिखित तिथियों को कार्यदिवस घोषित किया है।
22 मार्च 2026 (रविवार), 28 मार्च 2026 (शनिवार), 29 मार्च 2026 (रविवार), 31 मार्च 2026 (वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन) इन चारों दिनों में प्रदेश के सभी जिला एवं उप-पंजीयन कार्यालय सामान्य दिनों की तरह सुबह से शाम तक संचालित होंगे। यहाँ स्टाम्प दस्तावेजों के पंजीयन सहित सभी संबंधित सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी।
क्यों लिया गया यह निर्णय
हर साल मार्च के महीने में वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले संपत्तियों के पंजीयन की संख्या में भारी उछाल आता है। लोग नए वित्तीय वर्ष में संभावित दरों की बढ़ोतरी से बचने के लिए जल्द से जल्द रजिस्ट्री कराना चाहते हैं।
नागरिकों को स्लॉट मिलने में परेशानी न हो और वे समय सीमा के भीतर अपने लंबित कार्यों को पूरा कर सकें, इसी को ध्यान में रखते हुए यह अतिरिक्त सुविधा दी गई है।
अवकाश के दिनों का लाभ उठाए
राज्य सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख (31 मार्च) का इंतजार करने के बजाय इन अवकाश के दिनों में मिली विशेष सुविधा का लाभ उठाएं। इससे कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ कम होगी और पंजीयन प्रक्रिया सुचारू व पारदर्शी तरीके से पूरी की जा सकेगी।



