StateNewsदेश - विदेश

राजस्थान में बारिश का रेड अलर्ट, बिहार-पटना में ट्रैक डूबे, ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर तीव्र होता जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम के कारण राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है। इसके चलते 8 जिलों कोटा, झालावाड़, बारां, अजमेर, भीलवाड़ा, डूंगरपुर, धौलपुर और बांसवाड़ा में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

बिहार की राजधानी पटना में रविवार रात से मूसलाधार बारिश के चलते पटना जंक्शन पर ट्रैक डूब गया है। स्टेशन के बाहर दो फीट तक पानी भर गया है, जिससे कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ओडिशा के मयूरभंज, बालासोर, भद्रक समेत अन्य जिलों में नदियों के उफान पर आने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। 1000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पश्चिमी यूपी, कर्नाटक, असम, मेघालय सहित 10 से ज्यादा राज्यों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। महाराष्ट्र के ठाणे में मकान गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में भी भारी बारिश से तीन नदियों का पानी शहर में घुस गया, जिससे 5000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। देशभर में बारिश और बाढ़ की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button