दवा फैक्ट्री में रिएक्टर ब्लास्ट, 5 मजदूरों की मौत; 6 घायल

दिल्ली। गुजरात के भरूच में दवा बनाने वाली फैक्ट्री में रिएक्टर फटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

हादसा शुक्रवार देर रात सिंजील फार्माकेम फैक्ट्री में हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

15 हजार लीटर क्षमता वाले रिएक्टर में चल रहा था काम

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में 15 हजार लीटर क्षमता वाले रिएक्टर में काम चल रहा था। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि रिएक्टर के टुकड़े उछलकर फैक्ट्री की चारदीवारी के बाहर जा गिरे।

धमाके की आवाज करीब 15 किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है। विस्फोट से फैक्ट्री में लगी भारी मशीनों और लोहे की चादरों को भी नुकसान पहुंचा।

जहरीली गैस फैलने से बिगड़ी मजदूरों की तबीयत

धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री में एमडीसी गैस का रिसाव होने लगा। इससे परिसर के अंदर और आसपास धुआं फैल गया। वहां मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों को आंखों में तेज जलन की शिकायत हुई।

गैस की चपेट में आने से कई कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई। राहत टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की वजह का पता लगाने में जुटा प्रशासन

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि रिएक्टर में विस्फोट किस कारण हुआ और गैस रिसाव कैसे शुरू हुआ।

जांच में फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और रिएक्टर संचालन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। हादसे में पांच मजदूरों की मौत से फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

↑
Exit mobile version