ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान शुरू: हर गांव में बनेगा मुक्तिधाम, स्कूलों में बनेंगे 6,671 बालिका शौचालय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) – वीबी-जी राम जी के तहत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेश के प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा।

साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 286.85 करोड़ रुपए की लागत से 6,671 बालिका शौचालय बनाए जाएंगे।

वहीं 6,524 गांवों में 391.44 करोड़ रुपए की लागत से प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा 549 अन्य मुक्तिधामों के निर्माण पर 18.22 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के 10,027 बंद पड़े बोरवेलों में 52.14 करोड़ रुपए की लागत से रिचार्ज संरचनाएं और सैंड फिल्टर बनाए जाएंगे, जिससे भूजल स्तर बढ़ाने और पेयजल संकट कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दी गई है।

योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु अनुकूलन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।

उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना और मनरेगा के माध्यम से प्रदेश को करीब 6,855 करोड़ रुपए मिलेंगे।

साय ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्वच्छता, शिक्षा, जल संरक्षण और ग्रामीण विकास को नई गति देना है।

सभी कार्य ग्रामसभा की स्वीकृति से होंगे तथा डिजिटल मॉनिटरिंग, सामाजिक अंकेक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण के जरिए पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button