रावणभाठा मैदान को मिली 51.65 लाख की बड़ी सौगात, हाईमास्ट लाइट और अन्य विकास कार्यों की मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में खेल और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने शहीद राजीव पाण्डेय वार्ड (वार्ड-62) स्थित रावणभाठा मैदान के विकास के लिए 51 लाख 65 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने संचालनालय से आदेश जारी कर विकास कार्यों की शुरुआत की है।
स्वीकृत कार्यों में पेवर ब्लॉक निर्माण, बैडमिंटन कोर्ट में टॉयलेट, प्रवेश द्वार और फिटिंग कार्यों के लिए ₹45 लाख 68 हजार, जबकि हाईमास्ट लाइट के लिए 5 लाख 97 हजार का बजट निर्धारित किया गया है। इन विकास कार्यों से मैदान में आने वाले खिलाड़ियों और नागरिकों के लिए आधुनिक और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईमास्ट लाइट लगने से शाम के समय भी खेलकूद और गतिविधियों का संचालन संभव होगा। इसके अलावा पेवर ब्लॉक और टॉयलेट जैसी मूलभूत सुविधाओं की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
नगरीय प्रशासन विभाग ने कहा कि इन कार्यों से न केवल मैदान का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि यह क्षेत्र खेलकूद और सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। रावणभाठा मैदान रायपुर शहर का महत्वपूर्ण स्थल है, जहाँ अक्सर सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं।
स्वीकृत राशि से मैदान को आधुनिक और सुविधाजनक स्वरूप देने की योजना है, ताकि यह न केवल खेल गतिविधियों का केंद्र बने बल्कि सामुदायिक और सामाजिक आयोजनों के लिए भी उपयुक्त स्थल के रूप में उभरे। स्थानीय निवासियों और खिलाड़ियों को जल्द ही बेहतर सुविधाएं मिलने से खेल और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।