गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित पंजाबी गायक एवं अभिनेता गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने जिम को निशाना बनाते हुए करीब सात राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और जिम के बाहर पहुंचते ही अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग से जिम के शीशे और बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इसके साथ ही एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई है, जिसमें खुद को गैंग से जुड़ा बताने वाला व्यक्ति फायरिंग के पीछे कथित कारणों का जिक्र करता सुनाई दे रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक वायरल पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और ऑडियो की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version