समोदा अफीम कांड का खुलासा करने वाले सरपंच गिरफ्तार: अफसरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप, बाउंड ओवर तोड़ने पर जेल भेजे गए

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चर्चित समोदा अफीम कांड का खुलासा करने वाले सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

उन पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ वॉट्सऐप स्टेटस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।

शिकायत और एसडीएम के ज्ञापन पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख की शिकायत और दुर्ग एसडीएम के ज्ञापन के बाद सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही उनका मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर आए थे चर्चा में

अरुण गौतम मार्च 2026 में समोदा गांव में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामले के बाद चर्चा में आए थे। गांव में लाखों अफीम के पौधे उगाए जाने की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका बताई गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद 8 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी।

पहले भी कराया गया था बाउंड ओवर

बताया गया है कि पुराने विवादों के चलते सरपंच को पहले ही बाउंड ओवर कराया गया था। इसके तहत उन्हें शांति बनाए रखने और निर्धारित शर्तों का पालन करने के लिए पाबंद किया गया था। अब अधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने के मामले को बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन माना गया।

इसके बाद एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन पेश किया गया। कार्रवाई के बाद अरुण गौतम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले को बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

↑
Exit mobile version