रेप के आरोपी की हत्या कर जलाया शव, 8 महिलाएं समेत 10 गिरफ्तार

दिल्ली। ओडिशा के गजपति जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेप के आरोपी 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर शव को जला दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 8 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार किया है। घटना जिले के एक गांव की है, जहां पीड़ित महिलाओं ने मिलकर आरोपी को सजा देने का फैसला किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से गांव की महिलाओं का यौन शोषण कर रहा था। 3 जून को उसने 52 वर्षीय विधवा महिला के साथ बलात्कार किया, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया। महिलाओं ने एक गुप्त बैठक की और आरोपी को मारने का निर्णय लिया। सभी आरोपी महिलाएं उसके घर पहुंचीं, जब वह सो रहा था। उसी दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। फिर शव को गांव से दो किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर जला दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने वन क्षेत्र से हड्डियां और राख बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं में से कम से कम छह ने आरोपी द्वारा यौन शोषण की बात स्वीकार की है, लेकिन किसी ने भी पहले इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। आरोपी की पत्नी की मौत चार साल पहले हो चुकी थी, जिसके बाद वह महिलाओं को निशाना बनाता था। गजपति के एसपी जतिंद्र कुमार पांडा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच जारी है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।