राम मंदिर के गर्भगृह में आसन पर विराजमान हुए रामलला, दोपहर से ही शुरू हो गया था कर्मकांड

लखनऊ। अयोध्या में बने भव्य मंदिर में रामलला अपने गर्भगृह में विराजमान हो गए हैं। इसके साथ ही प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अन्य तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। श्रीराम मंदिर के गर्भगृह में रामलला अपने आसन पर विराजमान हो गए हैं। उनकी अचल मूर्ति को बुधवार देर रात गर्भगृह में पहुंचा दिया गया था। इसके लिए जरूरी कर्मकांड बृहस्पतिवार दोपहर ही शुरू कर दिए गए थे।
कर्मकांड की शुरुआत गणेश पूजन के साथ हुई। किसी भी अनुष्ठान के शुभारंभ से पहले भगवान गणेश का आवाहन किया जाता है। इसी मान्यता के चलते गणेश पूजन व अंबिका पूजन के साथ अनुष्ठान शुरू हुआ। पूजन के क्रम में ही भगवान रामलला के अचल विग्रह को पवित्र नदियों के जल से स्नान कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न औषधियों से भी स्नान कराया जाएगा।
इसके पहले बुधवार को रामलला की चांदी की प्रतिमा को राममंदिर परिसर का भ्रमण कराया गया। पहले रामलला की अचल मूर्ति को जन्मभूमि परिसर में भ्रमण कराने की योजना थी लेकिन सुरक्षा कारणों और मूर्ति का वजन अधिक होने के कारण परिसर भ्रमण की रस्म रामलला की छोटी रजत प्रतिमा से पूरी कराई गई।