ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राज्यसभा चुनाव: लक्ष्मी वर्मा ने दाखिल किया नामांकन, भाजपा नेताओं की मौजूदगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को रायपुर स्थित विधानसभा भवन में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरा माहौल उत्साहपूर्ण और गरिमामय रहा।

नामांकन से पहले लक्ष्मी वर्मा रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित स्मृति मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी बाजपेयी, विजयराजे सिंधिया और कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नामांकन के बाद कहा कि लक्ष्मी वर्मा राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की नारी शक्ति का सशक्त प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा उन्हें प्रत्याशी बनाना महिला सशक्तीकरण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनका अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण उच्च सदन में प्रदेश की आवाज को मजबूती देगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि लक्ष्मी वर्मा एक कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। उनका चयन प्रदेश की मातृशक्ति का सम्मान है और इससे छत्तीसगढ़ के हितों को दिल्ली में मजबूती से रखने का अवसर मिलेगा। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि उनका राज्यसभा जाना महिलाओं और पिछड़े वर्ग के लिए गौरव की बात है।

इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और लता उसेंडी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी लक्ष्मी वर्मा को शुभकामनाएं दीं।

नामांकन के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, सांसद संतोष पांडेय, बृजमोहन अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का वह हरसंभव प्रयास करेंगी और सदन में प्रदेश तथा वंचित वर्गों की आवाज मजबूती से उठाएंगी।

Related Articles

Back to top button