ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राज्यसभा चुनाव 2026: लक्ष्मी वर्मा-फूलोदेवी नेताम आज भरेंगी नामांकन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया तेज हो गई है। गुरुवार को भाजपा की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान दोनों दलों के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर गुरुवार का दिन अहम रहने वाला है। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम आज विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। दोनों प्रत्याशी विधानसभा परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन फार्म जमा करेंगी।

भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के कई मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी की ओर से इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम के नामांकन के समय नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, कांग्रेस विधायक दल के सदस्य और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी के नामांकन के दौरान संगठनात्मक एकजुटता दिखाने की तैयारी में है।

दो सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त होने

छत्तीसगढ़ से वर्तमान में राज्यसभा में कुल पांच सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से दो सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त होने वाला है। इन दो नामों में फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी शामिल हैं, जो कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा सांसद हैं।

इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक है। वहीं भारतीय जनता पार्टी से देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित है।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी। विधानसभा में सदस्यों की संख्या और राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए इस चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों की नजरें परिणाम पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button