सीएम साय से राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राज्यसभा के उप सभापति श्री हरिवंश ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने शॉल और प्रतीक चिन्ह नंदी भेंट कर श्री हरिवंश का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं, साहित्यिक विरासत और सांस्कृतिक आयोजनों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
राज्यसभा के उप सभापति श्री हरिवंश ने छत्तीसगढ़ की साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को विचारशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने रायपुर साहित्य उत्सव की भव्यता और आयोजन की परिकल्पना की प्रशंसा की तथा इसे विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त मंच बताया।
उल्लेखनीय है कि श्री हरिवंश आज नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां वे साहित्य, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में साहित्य की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा भी उपस्थित थे।





