अवॉर्ड शो में राजपाल यादव पर तंज, सलमान खान आए समर्थन में; एक्टर बोले- निंदा न करें

मुंबई। अवॉर्ड शो के दौरान अभिनेता राजपाल यादव पर किए गए मजाक को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस बीच अभिनेता सलमान खान ने राजपाल यादव का खुलकर समर्थन किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अवॉर्ड होस्ट कर रहे जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी ने राजपाल के चेक बाउंस केस पर तंज कसा, जिसे लेकर अब बहस छिड़ गई है।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान राजपाल यादव डॉलर के रेट और युवाओं पर अपनी बात रख रहे थे, तभी सौरभ द्विवेदी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि “डॉलर बढ़े या घटे, आपको उतना ही कर्ज चुकाना है।” इस टिप्पणी के बाद राजपाल कुछ पल के लिए असहज नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे मजाक में लिया, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद कई फैंस ने इसे अपमान बताया।
मामला तूल पकड़ने पर सलमान खान राजपाल के समर्थन में सामने आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजपाल पिछले 30 सालों से इंडस्ट्री में शानदार काम कर रहे हैं और उनकी प्रतिभा के कारण उन्हें हमेशा काम मिलता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी बातों में बहकर कुछ बातें निकल जाती हैं, लेकिन इससे किसी की काबिलियत कम नहीं होती।
वहीं, विवाद के बीच राजपाल यादव ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक वीडियो जारी कर सौरभ द्विवेदी और जाकिर खान का बचाव किया और लोगों से अपील की कि उन्हें ट्रोल न करें। राजपाल ने कहा कि सौरभ ने कार्यक्रम में उनका सम्मान भी किया था और वे उनके छोटे भाई जैसे हैं।
सलमान के समर्थन पर राजपाल ने आभार जताते हुए कहा कि वे हमेशा बड़े भाई की तरह उनका मार्गदर्शन करते रहे हैं। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि राजपाल यादव से जुड़े पुराने चेक बाउंस केस को लेकर भी बहस तेज हो गई है।





