बच्चों के चेहरों की मुस्कान बना मुख्यमंत्री के जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार

रायपुर। विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिन जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के बीच आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा वातावरण पारिवारिक उत्सव में बदल गया।
जैसे ही मुख्यमंत्री आश्रम परिसर पहुंचे, बच्चे दौड़कर उनके पास आ गए। कुछ ही पलों में माहौल औपचारिकता से परे एक स्नेहिल मिलन में बदल गया। उस समय वे किसी पद पर आसीन जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बच्चों के अभिभावक की तरह उनके बीच नजर आए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उन्हें अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया तथा आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनके सपनों को जाना।
बच्चों ने भी पूरी सहजता से अपने मन की बातें साझा कीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और आगे बढ़कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “आप सबकी मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है।” उनके इन शब्दों ने बच्चों के मन में गहरा विश्वास और अपनापन जगाया। बच्चों की आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान इस खास पल की गवाही दे रही थी।
उल्लेखनीय है कि बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पांचवीं तक के अधिकांश छात्र आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए प्रेरणा और गर्व का क्षण बन गया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और आश्रम स्टाफ उपस्थित रहे।





