सीएम साय से रायपुर प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट, रंगोत्सव में मुख्य अतिथि बनने का दिया निमंत्रण

रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय से आज रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब की आगामी गतिविधियों और पत्रकार हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू तथा पत्रकार सौरभ सिंह परिहार शामिल थे। सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के उद्देश्यों और भावी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किए जाने वाले रंगोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक समन्वय और संवाद को सुदृढ़ करने का माध्यम है।
साथ ही पत्रकार सुरक्षा, कल्याण योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास और अन्य पेशेवर सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अपेक्षा व्यक्त की कि राज्य सरकार पत्रकारों के हित में सकारात्मक और ठोस कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की समस्याओं और सुझावों पर समुचित विचार कर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनसंचार माध्यमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास तथा अन्य मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।



