कौशांबी में रायपुर पुलिस टीम पर हमला, एक सिपाही गंभीर घायल; 5 गिरफ्तार

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर उस समय हमला हो गया जब वे गांजा तस्करी के मामले में आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। रायपुर के गंज थाना पुलिस की टीम ईचौली गांव में दबिश देने गई थी, लेकिन स्थिति अचानक बिगड़ गई और ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझकर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सादे कपड़ों में थी और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही थी। टीम ने पहले आरोपी आकाश को पकड़ लिया था। इसके बाद जब पुलिस दूसरे आरोपी शिवम के घर पहुंची, तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी शोर से गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं पाया और उन्हें चोर समझ लिया। इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

हमले के दौरान बाकी पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। कौशांबी की एएसपी अमिता सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है और हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बिना सूचना के की गई कार्रवाई और गलतफहमी ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर रूप दे दिया।

Exit mobile version