ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोवा से संचालित हो रहे अंतर्राज्यीय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और अवैध ‘पेमेंट गेट-वे’ चलाने वाले एक हाईटेक अंतर्राज्यीय गिरोह को ध्वस्त किया है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में रायपुर और गोवा से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह न केवल भारत, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सट्टा पैनल संचालित कर रहा था।

दुबई से गोवा तक फैला नेटवर्क

गिरोह के मुख्य सरगना प्रतीक कुमार वीधवानी और सैंकी देवड़ा हाल ही में दुबई से लौटे थे। रायपुर के अमलीडीह इलाके के रहने वाले ये आरोपी सट्टे के पैसों के ट्रांजेक्शन के लिए ‘पेमेंट गेट-वे’ पैनल का इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस ने पहले रायपुर के मुक्तिधाम के पास एक कार से इन दोनों को दबोचा, जिनसे मिली जानकारी के आधार पर एक टीम गोवा भेजी गई। गोवा में एक किराए के मकान में बकायदा ऑफिस सेटअप तैयार कर गिरोह का संचालन किया जा रहा था, जहाँ से 5 अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।

431 बैंक खाते और करोड़ों का लेन-देन
जांच में जो सबसे चौंकाने वाला तथ्य सामने आया, वह है 431 म्यूल (Mule) बैंक खातों का उपयोग। सट्टे की रकम को ठिकाने लगाने के लिए इन खातों के जरिए करोड़ों रुपये का डिपॉजिट और विड्रॉल किया जा रहा था। गिरोह व्हाट्सएप पर “जयदेव ग्रुप” और “जेएमके ग्रुप” के माध्यम से अपना नेटवर्क चलाता था।

क्रिप्टो करेंसी से अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन
यह गिरोह तकनीक का दुरुपयोग करने में काफी आगे था। सट्टे से काली कमाई को वैध बनाने या विदेशी आकाओं तक पहुँचाने के लिए क्रिप्टो करेंसी (USDT) का सहारा लिया जा रहा था। पुलिस की जांच में अब तक क्रिप्टो वॉलेट के माध्यम से लगभग 42 लाख रुपये (46,500 USDT) ट्रांसफर किए जाने की पुष्टि हुई है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्ष 2026 में अब तक रायपुर पुलिस सट्टे के 5 बड़े मामलों में 22 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब उन ग्राहकों की भी सूची तैयार कर रही है जो इन साइट्स के जरिए सट्टा खेलते थे।

जब्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने रेड के दौरान लगभग 22.14 लाख रुपये का सामान जब्त किया है, जिसमें शामिल हैं:

  • 5 लैपटॉप और 1 टैब
  • 58 मोबाइल/आईफोन (53 फोन बैंक खातों से लिंक)
  • 12 एटीएम कार्ड, 3 राउटर और 4 पासबुक
  • एक बलेनो कार और नगद राशि

Related Articles

Back to top button