दिल्ली में जारी रहेगा बारिश का दौर, मुंबई में रेड अलर्ट; हिमाचल में भूस्खलन की संभावना

दिल्ली। देशभर में मॉनसून का असर जारी है और कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक गरज वाले बादलों के साथ हल्की वर्षा के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। राजधानी का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी राज्यों हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका जताई गई है, जिसके लिए चेतावनी जारी की गई है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और आसपास के छह जिलों रत्नागिरी, रायगढ़, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे और पालघर में रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन से चार घंटों तक इन क्षेत्रों में मध्यम से तीव्र बारिश हो सकती है। शनिवार को हुई मूसलधार बारिश ने मुंबई में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। गांधी नगर, किंग्स सर्कल और सायन रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार असमान रही। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में पिछले 24 घंटों से बारिश थमी हुई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 और 18 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में अगले 24 घंटे तक मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 18 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है। लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। यहां शाम तक जोरदार बारिश होने का अनुमान है।