ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन जारी रहेगा बारिश का दौर: मध्य और उत्तरी जिलों में अच्छी वर्षा के आसार

रायपुर में दिनभर बादल छाने और बारिश की संभावना, दो दिन तक तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश में बादल और वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि दक्षिणी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका वर्तमान में जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डालटेनगंज और कॉन्टाई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रहा पूर्व-पश्चिम विंड शियर जोन भी प्रदेश में नमी बनाए हुए है, जिसके कारण कई इलाकों में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह तेज धूप देखने को मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। शहर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button