राजस्थान-UP में बारिश, शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी; श्रीनगर-जम्मू हाईवे बंद, 20 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल

दिल्ली। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में देर रात से बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के चलते दिल्ली-NCR में स्मॉग और कोहरे से भी कुछ हद तक राहत मिली है। वहीं राजस्थान के सीकर जिले में बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरने से फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हिमालयी राज्यों में भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। करीब साढ़े तीन महीने से चल रहा ड्राई स्पेल खत्म होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि बर्फबारी के कारण शिमला में ढली टनल चौक समेत कई इलाकों में ट्रैफिक रोकना पड़ा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर और तेज हो गया है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर करीब 4 इंच बर्फ जमने के कारण 20 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे बंद है और नवयुग टनल के पास ट्रैफिक रोक दिया गया है। इसके अलावा मुगल रोड, सिंथन और SSG सड़कें भी बंद कर दी गई हैं। भारी बर्फबारी के चलते वैष्णो देवी यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है और कई पहाड़ी जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी को एक और स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की संभावना है। इसके असर से उत्तर भारत के 9 राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। तापमान में और गिरावट आने के साथ पाला और कोल्डवेव जैसे हालात बनने की भी आशंका जताई गई है।





