देशभर में बारिश का कहर: जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से 23 मौतें, असम में 1.70 लाख लोग प्रभावित

राजस्थान के 33 जिलों में अलर्ट, एमपी में 23 जुलाई तक बारिश के आसार; कई राज्यों में हाईवे, रेलवे ट्रैक और सड़कें जलमग्न

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है।

जम्मू-कश्मीर, असम, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है।

सबसे खराब हालात जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में हैं, जहां बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।

वहीं सात लोग अब भी लापता हैं। लगातार बारिश के कारण राहत और बचाव अभियान भी प्रभावित हो रहा है।

खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन स्थगित रही।

असम में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद गुवाहाटी में भूस्खलन हुआ, जबकि नेशनल हाईवे-715 का एक हिस्सा पानी में डूब गया।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि राज्य के 12 जिलों में 1.70 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

मध्य प्रदेश में अगले चार दिन यानी 23 जुलाई तक प्रदेश के लगभग 90 फीसदी हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं भोपाल, सीहोर, इंदौर, रायसेन और कई अन्य जिलों में लगातार बारिश हो रही है।

राजस्थान में दो सप्ताह बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है।

मौसम विभाग ने जयपुर समेत 33 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार के नौ जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

लखीसराय में कजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के उन्नाव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी भर गया।

नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा धंस गया, जबकि हरियाणा के यमुनानगर में तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

वहीं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, तेलंगाना, ओडिशा, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version