StateNewsदेश - विदेश

महाराष्ट्र में बारिश‑बाढ़ का कहर, 5 जिलों में 10 मौतें

12 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू, तमहिनी में इस मानसून सबसे अधिक बारिश

मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले दो दिन से लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों में बारिश से हुई घटनाओं में दस लोगों की मौत हुई है। इनमें नासिक जिले में चार, धाराशिव और अहिल्यानगर में दो‑दो, जबकि जालना और यवतमाल में एक‑एक व्यक्ति की जान गई।

राज्य के विभिन्न हिस्सों से 11,800 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया। मराठवाड़ा क्षेत्र के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, लातूर, नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में बाढ़ ने तबाही मचाई। मुंबई में शनिवार रात से भारी बारिश जारी है।

नासिक में गोदावरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, जिससे नदी के किनारे रामकुंड इलाके के कई मंदिर जलमग्न हो गए। पूरे राज्य में NDRF की 16 टीमें तैनात की गई हैं और दो टीमों को पुणे में स्टैंडबाय रखा गया है।

पुणे जिले के मुलशी तहसील में स्थित तमहिनी घाट में इस मानसून सीजन अब तक 9,000 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे यह स्थान देश में सबसे अधिक बारिश वाला बन गया है। इससे पहले चेरापूंजी और मौसिनराम (मेघालय) में सबसे अधिक बारिश होती थी।

औरंगाबाद में जयकवाड़ी डैम के सभी 27 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे गोदावरी बेसिन में भारी बाढ़ आई। नवी मुंबई, पुणे और अन्य जिलों की सड़कों पर पानी भर गया है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button