StateNews

बारिश और बर्फबारी का कहर: मिजोरम, सिक्किम, श्रीनगर में तबाही, कई इलाकों में अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में समय से पहले दस्तक देते मानसून ने तबाही मचा दी है। मिजोरम में भारी बारिश के चलते 5 घर और एक होटल ढह गया, जिससे कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं सिक्किम के थेंग और चुंगथांग में लैंडस्लाइड से कई घर मलबे में तब्दील हो गए।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और रामबन में बर्फबारी और ओलावृष्टि हुई है। बर्फबारी के चलते मुगल रोड और गुरेज-बांदीपुरा रोड पर यातायात रोक दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मई में अब तक 116.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो अब तक की सर्वाधिक है। 1990 में 110.7 मिमी बारिश हुई थी। औसतन मई में 61.4 मिमी बारिश होती है।

मेघालय में लगातार बारिश से लैंडस्लाइड में एक महिला की मौत हो गई, वहीं एक किशोर पेड़ गिरने से मारा गया। कर्नाटक के मंगलुरु में मकान गिरने से 16 साल की लड़की की मौत हो गई। राजस्थान के 7 जिलों में और मध्यप्रदेश के 21 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। बाड़मेर में 6 साल का रिकॉर्ड टूटा है। बिहार, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और हिमाचल में भी भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। देशभर में खराब मौसम से जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button