StateNewsदेश - विदेश

राजस्थान, यूपी-MP में बारिश के साथ ओले: खड़ी फसलों को नुकसान; जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में फिर बर्फबारी

दिल्ली। उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रविवार को राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बारिश के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दोबारा बर्फबारी शुरू हो गई है।

उत्तर प्रदेश में करीब 15 जिलों में बारिश दर्ज की गई। मुजफ्फरनगर समेत 4 जिलों में ओले भी गिरे। मौसम बिगड़ने से कई जगहों पर ठंड बढ़ गई और किसानों की चिंता बढ़ गई। राजस्थान में दोपहर बाद मौसम बदला और कोटा, चित्तौड़गढ़ समेत कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। मध्य प्रदेश के नीमच और मंदसौर जिले के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले पड़े, जिससे गेहूं, चना, सरसों जैसी फसलों को नुकसान होने की बात सामने आ रही है।

इधर, जम्मू-कश्मीर में पहलगाम और काजीगुंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। श्रीनगर सहित दक्षिण कश्मीर में बारिश का दौर जारी रहा। गुलमर्ग सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में भी रविवार से बर्फबारी शुरू हो गई है।

हिमाचल प्रदेश में भी कई जगहों पर बर्फबारी-बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के शिलारू और कुल्लू के कोठी में करीब 5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। वहीं मनाली में 10 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य का सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के ताबो गांव में माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अगले 2 दिन का अलर्ट
3 फरवरी को राजस्थान, उत्तराखंड, यूपी और महाराष्ट्र में तेज बारिश की संभावना है। 4 फरवरी को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी और राजस्थान में कोहरा छाने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button