StateNewsदेश - विदेश

MP के 8 और UP के 10 जिलों में बारिश, कोहरे से हादसे में टकराई गाड़ियां

दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। कई राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि, घना कोहरा और पहाड़ों पर बर्फबारी ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।

पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से मंगलवार को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तेज बारिश हुई, वहीं हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रही।

उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में मंगलवार को बारिश हुई। लखनऊ और कानपुर में दिन के समय भी अंधेरा छा गया। उन्नाव समेत 4 जिलों में करीब आधे घंटे तक ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

दूसरी ओर, प्रदेश के 20 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी कम होने के कारण उन्नाव समेत 6 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर कुल 15 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। कई हाईवे पर ट्रैफिक धीमा रहा और वाहन रेंगते नजर आए।

मध्य प्रदेश में भी मौसम ने करवट ली। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से प्रदेश के 8 जिलों में बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर और मंदसौर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ। वहीं शिवपुरी और छतरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और एवलांच की घटनाएं सामने आईं। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में दो जगह मंगलवार को एवलांच गिरा। अटल टनल के साउथ पोर्टल पर एक वाहन हल्का दब गया, हालांकि बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

किन्नौर और लाहौल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि शिमला-मनाली में बारिश दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति के ताबो में तापमान माइनस 7.9 डिग्री तक पहुंच गया।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित हर्षिल में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन भी कोहरा, बारिश और बर्फबारी का असर बने रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button