बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम से बढ़ सकती हैं बारिश की गतिविधियां, अब तक सामान्य से 2% कम बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
हालांकि, इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो सकता है। इसके चलते बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
बस्तर में भारी बारिश, चार संभागों में हल्की-मध्यम बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम हुई है।
दो दिन तक कई इलाकों में बारिश की संभावना
28 अगस्त को प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अगले दो दिनों में भी अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से बनने वाले नए सिस्टम का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे सकता है और बारिश का दौर फिर तेज होने की उम्मीद है।
