मोहला में दो व्यापारियों के ठिकानों पर छापा, 40 क्विंटल अवैध धान जब्त

एसके ट्रेडर्स से 15 और एचवी एंड संस से मिला 25 क्विंटल धान, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध भंडारण और धान की हेराफेरी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जांच कर 40 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। दोनों व्यापारियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कोचियों और बिचौलियों पर निगरानी कर रहा है। इसी अभियान के तहत खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मोहला में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की।

जांच के दौरान व्यापारी श्रवण साहू के प्रतिष्ठान एसके ट्रेडर्स में 15 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिला। वहीं, व्यापारी सलीम खान के प्रतिष्ठान एचवी एंड संस से 25 क्विंटल धान बरामद किया गया। टीम ने दोनों जगह से कुल 40 क्विंटल धान जब्त कर लिया।

अवैध भंडारण पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध धान भंडारण, परिवहन और कोचियों के जरिए धान खपाने की कोशिशों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन के मुताबिक, धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों, बिचौलियों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

↑
Exit mobile version