यूथ कांग्रेस चुनाव पर राहुल टिकरिहा का हमला: बोले- कांग्रेस के DNA में गुटबाजी, युवा कार्यकर्ताओं को बनाया जा रहा मोहरा

रायपुर। युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर चल रही खींचतान के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के डीएनए में ही गुटबाजी और पद की लड़ाई शामिल है, जिसका असर अब युवा कांग्रेस के चुनाव में भी दिखाई दे रहा है। टिकरिहा ने कहा कि यूथ कांग्रेस के चुनाव महज औपचारिकता हैं। असल में यह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई है, जिसमें युवा कार्यकर्ताओं को मोहरा बनाया जा रहा है।

राहुल टिकरिहा ने हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक देवेंद्र यादव ने कथित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थित उम्मीदवार के सामने अपना प्रत्याशी उतार दिया है। उनके मुताबिक इससे कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और आपसी खींचतान उजागर होती है। टिकरिहा ने आरोप लगाया कि पार्टी में संगठनात्मक विचारधारा से ज्यादा व्यक्तिगत हित और गुट मजबूत करने की राजनीति हावी है।

उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक दल को युवाओं के रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर योजनाएं बनानी चाहिए, वहां नेता एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर तंज कसते हुए इसे कांग्रेस की ‘चूहा दौड़’ बताया, जहां हर कोई अपने विरोधी को गिराकर आगे निकलना चाहता है।

युवाओं से कांग्रेस से दूर रहने की अपील

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता देख रही है कि कांग्रेस के नेता आपस में ही संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के बड़े नेता युवाओं के मुद्दों से ज्यादा अपने गुट और राजनीतिक प्रभाव को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो पार्टी अपने युवा संगठन को एकजुट नहीं रख सकती, वह प्रदेश और देश के युवाओं को क्या दिशा देगी?

टिकरिहा ने छत्तीसगढ़ के युवाओं से कांग्रेस की कथित विभाजनकारी राजनीति को समझने और इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजयुमो युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं के नाम पर होने वाली राजनीतिक गतिविधियों को जनता के सामने उजागर करता रहेगा।

Exit mobile version