मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी: अब 7 जुलाई तक करें अप्लाई, हर महीने मिलेंगे ₹50 हजार

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने तकनीकी शिक्षा और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप-2026 के तहत एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित थी।
यह पाठ्यक्रम नवा रायपुर स्थित IIIT-NR में संचालित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को राज्य शासन की ओर से प्रतिमाह ₹50 हजार की फेलोशिप दी जाएगी। इसके अलावा एम.टेक. की पूरी ट्यूशन फीस का खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी, जिससे मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक चिंता के बिना उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पढ़ाई के साथ मिलेगा प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को केवल कक्षा तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें राज्य शासन के विभिन्न विभागों में चल रही वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा साइंस के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और वे शासन की डिजिटल सेवाओं व नवाचार आधारित योजनाओं में भी योगदान दे सकेंगे।
छत्तीसगढ़ के मूल निवासी कर सकते हैं आवेदन
इस फेलोशिप के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। इच्छुक उम्मीदवार 7 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी IIIT-नवा रायपुर की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा कार्यालयीन समय में 0771-2474048 और 0771-2474182 पर संपर्क कर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ते हुए उन्हें भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करना है।





