राहुल गांधी आज जर्मनी जाएंगे, अफसरों और भारतीय समुदाय से मिलेंगे: नेता प्रतिपक्ष की 6 महीने में 5वीं विदेश यात्रा

रायपुर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जर्मन सरकार के अधिकारियों और वहां बसे भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे। यह राहुल की पिछले 6 महीनों में 5वीं विदेश यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई से सितंबर के बीच लंदन, मलेशिया, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा कर चुके हैं।
जर्मनी दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब देश में संसद का शीतकालीन सत्र (1 से 19 दिसंबर) जारी है। भाजपा ने राहुल के इस दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि वे “लीडर ऑफ टूरिज्म” बन गए हैं। सितंबर में राहुल की एक तस्वीर सिंगापुर से सामने आई थी, जिसे लेकर दावा किया गया कि वे वोटर अधिकार यात्रा के बाद छुट्टियां मनाने गए थे।
राहुल के जर्मनी दौरे का शेड्यूल भी तय है। 17 दिसंबर को वे बर्लिन में होने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे यूरोप के विभिन्न देशों से आए IOC नेताओं से मिलेंगे और भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष सैम पित्रोदा और ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान भी मौजूद रहेंगे। IOC ने बताया कि यह दौरा पार्टी के वैश्विक संवाद को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
पिछले पांच साल में राहुल गांधी की विदेश यात्राएं कई बार विवादों में रही हैं। 28 सितंबर 2025 को बॉस्टन में उन्होंने चुनावी धांधली का आरोप लगाया। मई 2022 में ब्रिटेन दौरे पर उन्होंने भारत सरकार की तुलना पाकिस्तान से की थी। दिसंबर 2020 में इटली, दिसंबर 2019 में दक्षिण कोरिया और अक्टूबर 2019 में कंबोडिया यात्राएं भी चर्चा में रही। भाजपा ने उन्हें कई बार विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस ने विभिन्न मौकों पर उनकी यात्राओं को व्यक्तिगत या पार्टी गतिविधियों से जोड़ा।
इस जर्मनी दौरे के दौरान राहुल गांधी का मुख्य फोकस भारतीय समुदाय से संवाद, पार्टी की विचारधारा को फैलाना और वैश्विक मंच पर कांग्रेस की उपस्थिति मजबूत करना होगा।





